2020 में 416 पदों पर वीडीओ पद हेतु चयनित अभ्यर्थियों ने की नियुक्ति की मांग
2020 में 416 पदों पर वीडीओ पद हेतु चयनित अभ्यर्थियों को तीन साल बीत जाने के बाद अभी तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है। जिसके चलते समस्त नव चयनित ग्राम विकास अधिकारी अभ्यर्थियों ने सीएम को ज्ञापन भेज कर जल्द से जल्द नियुक्ति की मांग की।
वीडीओ पद हेतु चयनित अभ्यर्थियों ने नियुक्ति की मांग को लेकर भेजा ज्ञापन
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा वर्ष 2020 में स्नातक स्तरीय परीक्षा के माध्यम से 416 पदों पर ग्राम विकास अधिकारी (VDO) पद हेतु चयन हुआ है। उपर्युक्त भर्ती परीक्षा में विज्ञापन, परीक्षा, पुनःपरीक्षा एवं परीक्षा परिणाम सहित 3 वर्ष (तीन वर्ष) से अधिक का समय बीत चुका है तथा वर्तमान समय में भी नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाई है। महोदय उक्त भर्ती प्रक्रिया में चयनित अधिकांश अभ्यर्थी ग्रामीण परिवेश व मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। अधिकांश चयनितों को प्रदेश के अन्य जनपदों में ग्राम विकास अधिकरी पद पर सेवा देनी है, सेवा पूर्व अन्य जनपदों में जाकर 6 माह (छ: माह) अवैतनिक प्रशिक्षण लेना एक जटिल समस्या है। उक्त भर्ती परीक्षा में चयनित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) पद हेतु (एक माह) सेवाकालीन प्रशिक्षण का प्रावधान है।
महोदय सभी नव चयनित ग्राम विकास अधिकारी (VDO) सविनय निवेदन करना चाहते हैं कि ग्राम विकास अधिकारी (VDO) पद पर प्रथमतः नियुक्ति, तदुपरान्त सेवाकालीन
प्रशिक्षण दिया जाना सुनिश्चित करें।
ज्ञापन भेजने वालों में उपस्थित अभ्यर्थी
ज्ञापन भेजने वाले अभ्यर्थियों में जय प्रकाश, मनीष रावत, चंद्रशेखर, प्रदीप, रोहित, और दीपक असवाल समेत अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे।
