गांव में गुलदार की धमक से दहशत, ग्रामीणों ने की पिंजरा लगाने की माँग
रानीखेत। ताड़ीखेत विकासखंड के ख्यूशालकोट गांव में गुलदार की धमक से दहशत बढ़ गई है। दिन दहाड़ गुलदार के आबादी क्षेत्र में दिखने से ग्रामीण परेशान हैं। उनका कहना है कि आबादी के बीचों बीच बने मोटर मार्ग से ही बच्चे स्कूल आते जाते हैं और ग्रामीणों का भी यह आम रास्ता है।
कई दिनों से आबादी क्षेत्र में दिख रहा गुलदार
ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार बीते कई दिनों से आबादी क्षेत्र में देखा जा रहा है। आस पास की झाड़ियां उसके छिपने का अड्डा बनी हुई हैं। दिन दहाड़े दिखने से किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि अब तक गुलदार कई मवेशियों को निवाला भी बना चुका है।
गुलदार की धमक से दहशत बढ़ी, पिंजरा लगाने की माँग
सरपंच कुंवर सिंह ने बताया कि गुलदार की धमक से दहशत बढ़ गई है। वन विभाग से गांव में पिंजड़ा लगाने की मांग की गई है। इधर ग्रामीण गोपाल सिंह, चंदन सिंह, जीवन सिंह आदि ने बताया कि बच्चों को लेकर खासा डर का माहौल है। वन विभाग को मुश्तैदी के साथ यहां पिजंड़ा लगाना चाहिए। वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा ने बताया कि गुलदार के दिखने की सूचना मिलने के बाद टीम को गांव भेजा जा रहा है। गश्त और बढ़ाई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से एहतियात बरतने की अपील की है।
