योनेक्स टूर्नामेंट में उत्तराखंड को एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक मिले
योनेक्स सनराइज ऑल इंडिया सीनियर रैंकिग बैडमिंटन टूर्नामेंट में उत्तराखंड के शटलरों ने शानदार प्रदर्शन किया है। टूर्नामेंट में शटलरों ने एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक पर अपना कब्जा जमाया। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन पर खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
31 जनवरी से 7 फरवरी तक बंगलौर में आयोजित हुआ टूर्नामेंट
उत्तराखंड स्टेट बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि योनेक्स सनराइज आल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट बीते 31 जनवरी से 7 फरवरी तक बंगलौर में आयोजित हुआ। जिसमें अल्मोड़ा की अदिति भट्ट ने अपनी जोड़ीदार महाराष्ट्र की शरवनी वालेकर के साथ खेलते हुए महिला डबल्स में स्वर्ण पदक का खिताब जीता। वहीं, अल्मोड़ा के ही पांडेखोला निवासी ध्रुव रावत ने दिल्ली की जैनिथ अविगैल के साथ जोड़ी बनाते हुए सेमीफाइनल तक अपना स्थान बनाया। जहां उन्हें दिल्ली के निमित्त कुमार और लक्षिता श्रीवास्तव से एक कड़े मुकाबले में पराजित होकर मिक्स डबल्स में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इसके साथ ही देहरादून के ध्रुव नेगी भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए पुरुष सिंगल्स में कांस्य पदक जीता।
खेल प्रेमियों ने खुशी जताई
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के चीफ पैटर्न और पूर्व डीजीपी अशोक कुमार, संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, कोषाध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल, कोच डीके सेन समेत कई खेल प्रेमियों ने खुशी जताई।
