मतदाता सूची और मतदाता पहचान पत्रों में बड़े पैमाने पर किये जा रहें सुधार

देश की निर्वाचन प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सटीक और विश्वसनीय बनाने की दिशा में निर्वाचन आयोग ने एक व्यापक अभियान चलाया है, जिसके तहत मतदाता सूची और मतदाता पहचान पत्रों में बड़े पैमाने पर सुधार किए जा रहे हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतिम चरण में पहुंच चुके आयोग ने करोड़ों मतदाताओं के रिकॉर्ड को अद्यतन करने, पुराने और धुंधले चित्रों को बदलने तथा गलत या अपूर्ण पतों को सुधारने का कार्य तेज कर दिया है।

इस अभियान का सबसे बड़ा उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाना है ताकि चुनावी प्रक्रिया में केवल वास्तविक और पात्र मतदाता ही शामिल हों। इसके लिए देशभर में बूथ स्तर अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया गया है। इस प्रक्रिया के माध्यम से करोड़ों मतदाताओं की जानकारी की दोबारा जांच की गई और आवश्यक संशोधन किए गए।

निर्वाचन आयोग के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद तैयार किए गए करोड़ों नए मतदाता पहचान पत्रों में सबसे महत्वपूर्ण परिवर्तन तस्वीरों से जुड़ा है। पहले बड़ी संख्या में ऐसे पहचान पत्र थे जिनमें या तो तस्वीरें उपलब्ध नहीं थीं या फिर इतनी धुंधली थीं कि पहचान करना कठिन था। कई मामलों में तस्वीरें दशकों पुरानी थीं और मतदाता की वर्तमान पहचान से मेल नहीं खाती थीं।

मतदाताओं की नई रंगीन तस्वीरें दर्ज कीं

घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान बूथ स्तर अधिकारियों ने आधुनिक तकनीक और मोबाइल उपकरणों की सहायता से मतदाताओं की नई रंगीन तस्वीरें दर्ज कीं। इससे अब पहचान पत्रों में स्पष्ट और हाल की तस्वीरें उपलब्ध होंगी। आयोग का मानना है कि इससे मतदान केंद्रों पर पहचान सत्यापन की प्रक्रिया अधिक सरल और प्रभावी बनेगी।

अधिकारियों के अनुसार करोड़ों मतदाताओं की तस्वीरों को अद्यतन किया गया है। इससे न केवल पहचान की सटीकता बढ़ेगी बल्कि फर्जी मतदान की संभावनाओं को भी कम करने में सहायता मिलेगी। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अभियान के दौरान एक और बड़ा परिवर्तन मतदाताओं के पते से जुड़ा है। पहले कई मतदाता रिकॉर्ड में घर का क्रमांक शून्य अथवा अपूर्ण रूप में दर्ज था। अब ऐसे सभी रिकॉर्ड में वास्तविक और विस्तृत पता दर्ज किया जा रहा है। इससे मतदाताओं की पहचान और निवास स्थान का सत्यापन अधिक सटीक हो सकेगा।

निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति का नाम कई स्थानों पर दर्ज होने की समस्या को भी गंभीरता से लिया है। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं को अपने वर्तमान निवास स्थान के आधार पर सही निर्वाचन क्षेत्र चुनने का अवसर दिया गया। इसके बाद अन्य स्थानों पर दर्ज नामों को हटाने की प्रक्रिया चलाई गई।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि अब किसी व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाया जाता है तो उसे गंभीर कानूनी उल्लंघन माना जा सकता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनाना है।

फर्जी, स्थानांतरित, मृत अथवा दोहराव वाले मतदाताओं की पहचान के लिए एक विशेष श्रेणी बनाई गई है। इस श्रेणी के अंतर्गत उन रिकॉर्ड की पहचान की जाती है जो वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाते। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे रिकॉर्ड की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।

निर्वाचन आयोग ने आधुनिक विश्लेषणात्मक तकनीकों का भी उपयोग किया है। उन्नत सॉफ्टवेयर प्रणालियों की सहायता से ऐसे रिकॉर्ड की पहचान की गई जिनमें तस्वीरें या जनसांख्यिकीय विवरण अत्यधिक समान थे। इससे संभावित दोहराव वाले रिकॉर्ड को तेजी से चिन्हित करना संभव हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *