अल्मोड़ा में लोक कलाकारों की सर्वदलीय बैठक, पेंशन-भुगतान सहित कई समस्या पर चर्चा

अल्मोड़ा। शहर के श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब में लोक कलाकारों की सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ रंगकर्मी त्रिभुवन गिरी ने की, जिसमें प्रदेशभर से जुड़े लोक कलाकारों और सांस्कृतिक दलों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।इस दौरान संस्कृति निदेशालय में पंजीकृत नए सांस्कृतिक दलों के दल-नेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही कुमाऊँ महोत्सव-2026 के सफल आयोजन के लिए राजेंद्र तिवारी तथा भारत सरकार के “लोक कलाकार साधक सम्मान” से सम्मानित वरिष्ठ लोक कलाकार प्रकाश बिष्ट का भी अभिनंदन किया गया।बैठक में वक्ताओं ने लोक कलाकारों के मानदेय में वृद्धि, संस्कृति विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के लंबित भुगतान, लोक कलाकार पेंशन योजना, जीएसटी से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं तथा सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के ऑडिशन की वैधता अवधि तीन वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

वरिष्ठ रंगकर्मी भैरव दत्त राय, सुंदर लटवाल, प्रकाश रावत, प्रकाश बिष्ट, प्रकाश भट्ट, डॉ. ललित जोशी ‘योगी’, बिमला बोरा, अनूप कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने लोक कलाकारों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को मजबूत करने और सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।

अध्यक्षीय संबोधन में त्रिभुवन गिरी ने कहा कि लोक कलाकारों और संस्कृतिकर्मियों को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा।

बैठक के अंत में सभी कलाकारों ने लोक संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और कलाकारों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।बैठक का संचालन ललित बिष्ट ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोक कलाकार, संस्कृतिकर्मी एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्यजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *