उत्तराखंड रोडवेज में अब WhatsApp से होगी बस टिकट बुकिंग

उत्तराखंड परिवहन निगम यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही व्हाट्सएप के जरिए बस टिकट बुकिंग की नई सेवा शुरू करने जा रहा है। इस सुविधा के लागू होने के बाद यात्री घर बैठे केवल व्हाट्सएप के माध्यम से बस टिकट बुक कर सकेंगे और भुगतान करने के तुरंत बाद उनके मोबाइल पर QR/बारकोड आधारित ई-टिकट उपलब्ध हो जाएगा।

प्रदेश में उत्तराखंड रोडवेज की बसों से प्रतिदिन करीब 90 हजार यात्री सफर करते हैं। वर्तमान में यात्रियों को टिकट के लिए ऑनलाइन पोर्टल या बस में कंडक्टर से टिकट लेना पड़ता है। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद टिकट बुकिंग का एक और आसान और डिजिटल विकल्प यात्रियों को मिलेगा।परिवहन निगम जल्द ही एक आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर जारी करेगा। इस नंबर पर मैसेज भेजने के बाद यात्रियों को यात्रा से जुड़ी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद किराया भुगतान के लिए QR कोड भेजा जाएगा।

भुगतान सफल होते ही यात्री के व्हाट्सएप पर QR/बारकोड आधारित ई-टिकट भेज दिया जाएगा, जिसे यात्रा के दौरान दिखाकर सफर किया जा सकेगा।

बस में मौजूद कंडक्टर अपने इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ETM) से यात्री के ई-टिकट पर मौजूद QR या बारकोड को स्कैन करेगा। स्कैन करते ही टिकट की पूरी जानकारी मशीन पर दिखाई दे जाएगी। फिलहाल यह सुविधा उन्हीं बसों में उपलब्ध होगी, जहां पहले से ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था मौजूद है।उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि इस सुविधा को शुरू करने के लिए एनआईसी (National Informatics Centre) के साथ तकनीकी स्तर पर काम चल रहा है। साथ ही सर्वर संबंधी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि हाल ही में परिवहन मंत्री ने भी यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नई तकनीकों को जल्द लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में व्हाट्सएप टिकट बुकिंग सेवा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *