Almora के वरिष्ठ पत्रकार व साहित्यकार नवीन बिष्ट देहरादून में मुख्यमंत्री सम्मान से सम्मानित
अल्मोड़ा: अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर देहरादून में आयोजित एक राज्य स्तरीय समारोह में अल्मोड़ा के वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार एवं रंगकर्मी नवीन बिष्ट को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 13 विशिष्ट हस्तियों को यह सम्मान प्रदान किया गया।मूल रूप से सरस्यूं गांव निवासी नवीन बिष्ट को यह सम्मान साहित्य सृजन, पत्रकारिता तथा उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति व परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।
नवीन बिष्ट लंबे समय से पत्रकारिता के साथ-साथ साहित्य, रंगमंच और लोक संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उनकी अब तक आठ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके अलावा, उन्होंने नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT) के लिए दो महत्वपूर्ण पुस्तकों का कुमाऊंनी भाषा में अनुवाद भी किया है। सांस्कृतिक मंचों पर नवीन बिष्ट की एक विशिष्ट पहचान है। वे कुमाऊंनी बैठकी होली के सुप्रसिद्ध गायक हैं और प्रसिद्ध रामलीला मंचन में लंबे समय से राजा दशरथ की भूमिका निभाते आ रहे हैं। लोकगायन के क्षेत्र में वे कुमाऊं की पारंपारिक शैलियों—झोड़ा, छपेली, बैर-भगनौल और विशेष रूप से विलुप्त होती ‘न्योली’ गायन शैली को आगे बढ़ाने वाले प्रमुख कलाकारों में गिने जाते हैं।
