दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार

दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार

बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की कर रहे थे मांग, हत्या को आत्महत्या दिखाने का प्रयास करने का भी आरोप

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास करने का भी आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी निवासी उवेश पुत्र फजले अली के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। आरोप है कि विवाह में सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। आरोप है कि 16 अक्टूबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी।

तहरीर के आधार पर रामनगर कोतवाली में एफआईआर संख्या 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर द्वारा की जा रही है।

विवाद के दौरान हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज की रकम तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। इसके बाद उसके हाथ-पैर पकड़कर गर्दन पर दबाव बनाया गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया और उसके आत्महत्या करने की बात प्रचारित की।

पति, सास, जेठ और ननद गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की गिरफ्तारी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद रामनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में उवेश (22), मृतका का पति; नसरीन (50), सास; अनस (23), जेठ; और शबा (20), ननद शामिल हैं। सभी रामनगर के खताड़ी क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अन्य व्यक्तियों की भूमिका और अतिरिक्त साक्ष्यों के संबंध में भी विवेचना जारी है। आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम को 2,500 रुपये का पुरस्कार

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सोमेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *