अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, मां-बेटी समेत तीन की मौत
धौलछीना के हरड़ा के पास खाई में गिरी बोलेरो मैक्स, सुबह राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
अल्मोड़ा। जिले के धौलछीना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर हरड़ा के पास एक बोलेरो मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में वाहन चालक भी शामिल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मां-बेटी भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो मैक्स वाहन से अपने गांव हरड़ा लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसा देर रात होने के कारण इसकी जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी।
गुरुवार सुबह राहगीरों ने खाई में दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक की मौत की पुष्टि हुई है।
घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
