रामनगर में महिला की हत्या का खुलासा, पुरानी रंजिश में तीन आरोपित गिरफ्तार

रामनगर में महिला की हत्या का खुलासा, पुरानी रंजिश में तीन आरोपित गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज, वारदात में इस्तेमाल डंडे, लोहे का पाना और पत्थर बरामद

नैनीताल। रामनगर के किशनपुर छोई क्षेत्र में महिला की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वारदात पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते अंजाम दी गई। आरोपितों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किए गए डंडे, लोहे का पाना, पत्थर और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान विमला देवी (56) पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट निवासी किशनपुर छोई के रूप में की। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। पुलिस ने फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में मुकदमा संख्या 356/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से उसका शव घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए। तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित मोहित फर्त्याल के पिता की पूर्व में हत्या हुई थी। इसी घटना को लेकर उसके मन में बदले की भावना थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपित मोहित फर्त्याल को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया, जबकि अन्य दो आरोपितों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय पकड़ा गया, जब वे क्षेत्र से फरार होने की फिराक में थे।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहित फर्त्याल (32) पुत्र स्व. गोविंद सिंह निवासी किशनपुर छोई, सैरान (21) पुत्र मुरसलीन निवासी खताड़ी और मो. अब्बूजर (22) पुत्र मो. विलाल निवासी खताड़ी, रामनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या UK04 AN6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सोन सहित कोतवाली रामनगर, एसओजी और विभिन्न चौकियों के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस टीम की तत्परता और सफल अनावरण पर एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *