नाबालिग से दरिंदगी के मामले में पुलिस का एक्शन, चार आरोपी गिरफ्तार
छह घंटे के भीतर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को दबोचा, एसएसपी ने बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के मुखानी क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपी शहर में चर्चित ITI गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, देर रात पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि चार युवकों ने नाबालिग बच्ची को डराया-धमकाया और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने स्वयं पूरे मामले की निगरानी की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के कुछ ही घंटों के भीतर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और नाबालिग बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
