4 मैदानी जिलों में 36 सीट, 9 पहाड़ी जिलों में 34 सीट, तो पलायन नहीं हुआ तो क्या हुआ?

4 मैदानी जिलों में 36 सीट, 9 पहाड़ी जिलों में 34 सीट, तो पलायन नहीं हुआ तो क्या हुआ?

पहाड़ों से बढ़ते पलायन पर प्रताप सिंह नेगी ने जताई चिंता, बोले- 26 साल में पर्वतीय जिलों को मिली बेरोजगारी और पलायन की सौगात

अल्मोड़ा, 15 नवंबर। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से लगातार बढ़ रहे पलायन पर सामाजिक कार्यकर्ता प्रताप सिंह नेगी ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी पहाड़ी जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। यही वजह है कि युवा बेहतर भविष्य की तलाश में मैदानी क्षेत्रों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं।

नेगी ने कहा कि उत्तराखंड के सबसे पुराने जिलों में शामिल अल्मोड़ा और पौड़ी कभी जनसंख्या के लिहाज से अन्य पर्वतीय जिलों से आगे थे, लेकिन आज इन दोनों जिलों के अनेक गांव तेजी से खाली होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से सबसे अधिक पलायन अल्मोड़ा और पौड़ी में देखने को मिल रहा है।

उन्होंने राज्य में विधानसभा सीटों के क्षेत्रवार असंतुलन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पलायन के कारण मैदानी जिलों की जनसंख्या बढ़ रही है, जबकि पर्वतीय जिलों का जनाधार और वोट बैंक लगातार प्रभावित हो रहा है। वर्तमान में देहरादून, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और हरिद्वार के चार मैदानी जिलों में 36 विधानसभा सीटें हैं, जबकि नौ पर्वतीय जिलों में केवल 34 सीटें हैं।

नेगी ने सवाल उठाते हुए कहा, “चार मैदानी जिलों में 36 सीटें और नौ पर्वतीय जिलों में 34 सीटें हैं, तो पिछले 26 वर्षों में इसे पलायन नहीं तो और क्या कहा जाए?” उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद पर्वतीय क्षेत्रों को अपेक्षित विकास नहीं मिल पाया है। आज भी बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं की कमी पहाड़ की सबसे बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं।

आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव पहले की तरह नहीं होगा और बदलाव की उम्मीद है। भले ही बदलाव सीमित हो, लेकिन इसकी शुरुआत जरूर होगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान और अस्तित्व उसके पहाड़ों से है। इसलिए पर्वतीय क्षेत्रों को बचाने और वहां के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस प्रयास जरूरी हैं। पहाड़ बचेगा, तभी उत्तराखंड बचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *