आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं का बढ़ेगा मानदेय, दिसंबर 2026 से मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री धामी से मिले कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि, मानदेय बढ़ाने की घोषणा पर जताया आभार
देहरादून। उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार की ओर से दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाने की घोषणा के बाद कर्मचारी संगठनों में खुशी का माहौल है। रविवार को आंगनबाड़ी के दो प्रमुख कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि मानदेय में बढ़ोतरी का निर्णय प्रदेश की हजारों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक राहत प्रदान करेगा। साथ ही, लंबे समय से विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहीं कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा बच्चों के प्रारंभिक विकास से जुड़ी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है। आंगनबाड़ी कर्मचारी समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके योगदान को देखते हुए सरकार उनके हितों एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें बेहतर अवसर, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुलाकात के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत और प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे मौजूद रहीं। वहीं, उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
