हल्द्वानी में गीजर ठीक करने के बहाने घर से सोने के कड़े चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2.29 लाख रुपये नकद बरामद
नैनीताल पुलिस ने दो सोने के कड़े और नकदी की बरामदगी की, पुलिस टीम को 2 हजार रुपये का पुरस्कार
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने घर में गीजर ठीक करने के बहाने प्रवेश कर सोने के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए लगभग पांच तोला वजन के दो सोने के कड़े और 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर में गीजर ठीक करने के बहाने आया था। इस दौरान उसने घर की अलमारी से सोने के आभूषण चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक कृपाल सिंह को सौंपी।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रोहताश सागर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद निवासी आजाद नगर, बनभूलपुरा के रूप में की।
पुलिस टीम ने 26 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो पीली धातु के कड़े (लगभग पांच तोला) और 2,29,000 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, बरामद नकदी चोरी किए गए आभूषण बेचकर प्राप्त की गई थी। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2,000 रुपये की धनराशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
