नव प्रवेशित बच्चों का हुआ शानदार स्वागत समारोह
शिक्षा सत्र 2026- 27 के लिए कक्षा 1 से 12 तक की कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले नव प्रवेशित बच्चों का राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलेथा और राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय मलेथा द्वारा संयुक्त रूप से शानदार प्रवेश उत्सव मनाया गया।
नव प्रवेशित छात्रों का हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम में शासन द्वारा नियुक्त कीर्तिनगर विकासखंड के नोडल अधिकारी डा० वीर सिंह रावत प्रवक्ता डायट नई टिहरी और खंड शिक्षा अधिकारी डा० यशवंत सिंह नेगी द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीर सिंह रावत और विशिष्ट अतिथि रश्मि रावत प्रधान ग्राम सभा मलेथा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नव प्रवेशित छात्रों का तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर और गिफ्ट भेंट कर स्वागत किया गया।
उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई
मुख्य अतिथि डा०वीर सिंह रावत तथा डा०यशवंत सिंह नेगी जी द्वारा छात्र-छात्राओं को विद्यालय में सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों जैसे कौशलम् व्यावसायिक शिक्षा और आनंदम कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त छात्र-छात्राओं में नैतिक गुणों के विकास के लिए आवश्यक बातें बताई गई और उन्हें मोबाइल से दूर रहकर अध्ययन कर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई।
इस अवसर पर उपस्थित जन
प्रधानाध्यापिका सुनीता लिंगवाल और प्रधानाध्यापक वीरेंद्र बिष्ट द्वारा भी अपने विचार प्रस्तुत किए गए। मंच का संचालन मंजू सेमवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में समस्त अध्यापक, अध्यापिकाएं राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय प्राथमिक विद्यालय मलेथा के अलावा पूर्व प्रधान शूरवीर बिष्ट , पीटीए अध्यक्ष सीमा रावत और अन्य अभिभावक उपस्थित रहे।
