Almora: गैस की कालाबाजारी व जमाखोरी पर होगी कड़ी कार्यवाही

अल्मोड़ा:जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए गठित क्विक रिस्पांस दलों के प्रभारियों (उपजिलाधिकारियों) के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण और चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता को निर्धारित दरों और तय समय पर गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसके लिए सभी क्विक रिस्पांस दलों को सक्रिय रहते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने बताया कि सभी गैस वितरकों और एजेंसियों को भी प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनता से अपील की गई कि अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही रिफिल सिलेंडर प्राप्त करें।बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाए ताकि नागरिकों को न्याय के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।इस दौरान अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित अन्य उपजिलाधिकारी वर्चुअली बैठक में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *