सोशल मीडिया पर ट्रेंड हुआ “बॉयकॉट मालदीव”, जानें क्या है पीएम मोदी की लक्षदीप यात्रा से इसका कनेक्शन

हाल ही में पीएम मोदी की लक्षद्वीप यात्रा ने इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं। पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में लक्षद्वीप की आश्चर्यजनक सुंदरता और वहां के लोगों की गर्मजोशी के बारे में लिखा था। इससे प्रभावित होकर सोशल मीडिया यूजर्स लक्षद्वीप की तुलना मालदीव से कर रहे हैं। गौरतलब है कि पीएम मोदी के दौरे के बाद से लक्षद्वीप गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किया जाने वाला कीवर्ड रहा है।

नई सरकार आने के बाद से बिगड़ते जा रहे थे संबंध

दरअसल मालदीव में मोहम्मद मुइज्जू की नई सरकार बनने के बाद से भारत के खिलाफ तीखी बयानबाजी लगातार चर्चा में आ रही है  जिसके कारण मोहम्मद मुइज्जू की नई सरकार के आने के बाद से बिगड़ते जा रहे थे। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लक्षद्वीप यात्रा के बाद इस नोकझोंक ने अचानक तूल पकड़ लिया है। इसमें मालदीव के नेता और अफसर भी शामिल हो गए और  भारतीयों को गंदा कहते हुए नस्लीय टिप्पणियां की, तो वहीं भारत से भी मशहूर हस्तियों ने उनको आड़े हाथों लिया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा बायकॉट मालदीव ट्रेंड

बॉयकॉट मालदीव ट्रेंड होने के बाद कई भारतीयों ने अपनी मालदीव की यात्रा कैंसल कर दी है। इस विवाद के बढ़ने के बाद कुछ भारतीय पर्यटकों ने मालदीव जाने के प्लान को बदल दिया है। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी रद्द की गई मालदीव यात्रा से जुड़ी तस्वीरें पोस्ट करते हुए मालदीव सरकार को आर्थिक नुकसान होने की चेतावनी दी है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने लक्षद्वीप को मालदीव का वैकल्पिक पर्यटन स्थल कहा है।


जाहिद रमीज और मरियम शिउना ने किया पीएम मोदी पर व‍िवाद‍ित कमेंट

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जु की पार्टी के सदस्य जाहिद रमीज ने पीएम मोदी के लक्षद्वीप दौरे का मजाक उड़ाया और उनकी तस्वीरों पर कमेंट्स करते हुए कहा था कि “बेशक यह अच्छा कदम है। लेकिन भारत कभी हमारी बराबरी नहीं कर सकता है। मालदीव पर्यटकों को जो सर्विस देता है वो भारत कैसे दे पाएगा। वे लोग इतनी सफाई कैसे रख पाएंगे जितनी हम रखते हैं। उनके कमरों में आने वाली गंध उनके और पर्यटकों के लिए सबसे बड़ी दिक्कत होगी।” इस आपत्तिजनक पोस्ट के बाद भारतीय लोग मालदीव पर लगातार अपनी भड़ास निकाल रहे हैं।

मालदीव सरकार ने अपने कुल तीन मंत्रियों को किया निलंबित

मालदीव के मंत्रियों को पीएम मोदी और भारत पर विवादित टिप्पणी करना भारी पड़ा। मालदीव सरकार ने पीएम मोदी और भारत पर अपमानजनक टिप्पणी करने पर सख्‍त कदम उठाते हुए उप मंत्री (युवा अधिकारिता, सूचना और कला मंत्रालय) मालशा, उप मंत्री (युवा अधिकारिता, सूचना और कला मंत्रालय) मरियम शिउना और उप मंत्री (परिवहन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय) हसन ज़िहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर द‍िया है। हालांकि, मामला गंभीर होने के बाद इन मंत्रियों ने अपना पोस्ट डिलीट कर द‍िया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *