कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की बहू की शानदार जीत
अल्मोड़ा: ताकुला की निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख और क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की बहू मिनाक्षी आर्या ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक ताकत का लोहा मनवाया है। उन्होंने सुनाडी क्षेत्र पंचायत सीट पर शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 170 मतों से हराकर सीट पर कब्जा जमाया।
मिनाक्षी आर्या वर्तमान में भी ब्लॉक प्रमुख पद पर कार्यरत हैं और इस बार भी उन्हें ब्लॉक प्रमुख पद की दौड़ में सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। जीत के बाद उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जनादेश उनके कार्यों पर जनता के भरोसे की मुहर है। उनकी जीत के बाद समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
जगह-जगह पटाखे फूटे, मिठाइयां बांटी गईं और जयकारे गूंजे। यह जीत सिर्फ एक चुनावी विजय नहीं, बल्कि सत्ता में उनके प्रभाव और जनसमर्थन की नई पुष्टि भी है। अब सभी की नजरें ब्लॉक प्रमुख पद के अगले चुनाव पर टिकी हैं, जिसमें एक बार फिर मिनाक्षी आर्या की ताजपोशी तय मानी जा रही है।
