नवजात शिशुओं में कंजेनिटल हार्ट डिजीज (जन्मजात हृदय रोग) के मामले चिंताजनक
अल्मोड़ा। पहाड़ी क्षेत्रों में नवजात शिशुओं में कंजेनिटल हार्ट डिजीज (जन्मजात हृदय रोग) के मामले सामने आ रहे हैं। बीते एक वर्ष में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 10 से अधिक शिशुओं में जन्मजात हृदय में छेद (सीएचडी) की पुष्टि हुई है।
हर माह हृदय में छेद के लगभग तीन शिशुओं का हो रहा जन्म
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार जन्मजात हृदय रोग कई प्रकार के होते हैं। कुछ मामलों में हृदय में हल्के छेद होते हैं, जबकि कुछ शिशुओं में यह समस्या गंभीर होती है। गंभीर मामलों में शिशु को तत्काल सर्जरी की आवश्यकता पड़ती है, अन्यथा जान का खतरा भी हो सकता है।
कुमाऊं क्षेत्र के अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज से प्राप्त जानकारी के अनुसार औसतन हर माह हृदय में छेद के लगभग तीन शिशुओं का जन्म हो रहा है। सभी नवजातों की पल्स ऑक्सीमीटर से स्क्रीनिंग की जाती है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी के संकेत मिलने पर इको जांच कराकर बीमारी की पुष्टि की जाती है।
