क्या आपने भी कभी किसी व्यक्ति को संपर्क करने के लिए गूगल का सहारा लिया है। तो हो जाइए सतर्क, इन दिनों गूगल सर्च से प्राप्त होने वाले कई नंबर का प्रयोग करना आपको धोखाधड़ी की ओर ले जा सकता हैं।
कस्टमर केयर का नंबर खोज और गवाई रुपए
ऐसा ही एक मामला देहरादून का है जहां एक व्यक्ति ने शॉपिंग एप पर आर्डर निरस्त होने पर रकम वापसी के लिए गूगल से कस्टमर केयर का नंबर खोजा और साइबर ठगों का शिकार हो गया। ठगों के झांसे में आकर व्यक्ति ने अपने बैंक अकाउंट से साढ़े आठ लाख रुपये गंवा दिए। इसके बाद व्यक्ति ने पुलिस मे शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस तरह की धोखाधड़ी
जानकारी के अनुसार देहरादून के चुक्खूवाला निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने एक शॉपिग एप से कुछ सामान आर्डर किया था। जिसके भुगतान में उसने अपने खाते से 1641 रुपये गूगल पे किया था। लेकिन किसी वजह से ऑर्डर निरस्त हो गया। ऑर्डर निरस्त होने के बाद भी पैसे वापस न मिलने पर पीड़ित ने गूगल से शॉपिंग एप के कस्टरमर केयर का नंबर निकालकर फोन पर पैसे वापस मांगे। इसके बाद साइबर ठगो ने पीड़ित व्यक्ति को अपने मोबाइल पर फोन पे अपलोड करने के लिए कहा। इसके बाद भी जब साइबर ठगो के पास पैसे नहीं आए तो उन्होंने गूगल पे पर रकम वाली जगह पर फोन नंबर के चार अंक डालने के लिए कहा।सुनील कुमार ने जैसे ही मोबाइल के चार नंबर दर्ज किए तो खाते से करीब साढ़े आठ लाख रुपये कटने का संदेश प्राप्त हुआ।
जिसके बाद पीड़ित ने सारे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस कार्रवाई कर रही है।
