स्वास्थ्य महकमा हुआ अल्मोड़ा में अलर्ट, सारे इंतजाम चौकस

Ankahi smritiyan logo ..photo free image.com

स्वास्थ्य महकमा हुआ अल्मोड़ा में अलर्ट, सारे इंतजाम चौकस

भारत-पाक के बीच तनाव और संघर्ष की स्थिति को देखते हुए अल्मोड़ा स्वास्थ्य महकमा भी अलर्ट मोड में आ गया है। जरूरत पड़ने पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जिले में रैपिड रिस्पांस और ट्रामा मैनेजमेंट टीमें गठित कर ली गई हैं।

500 से अधिक बेडों की व्यवस्था की गई

यहां जिला और महिला अस्पताल, बेस अस्पताल में कुल 500 से अधिक बेडों की व्यवस्था की गई है। चिकित्सकों को जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं, जबकि स्वास्थ्य कर्मियों छुट्टी पहले ही रद्द की जा चुकी है।
हाल में पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा है और संघर्ष की स्थिति पैदा हो गई है। ऐसी स्थिति में प्रदेश में सजगता बढ़ गई है। इसी क्रम में किसी अप्रिय घटना की स्थिति से निपटने के लिए अल्मोड़ा जनपद में स्वास्थ्य महकमे ने अपने स्तर की तैयारियों के लिए कमर कस ली है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, महिला अस्पताल समेत जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है।

पर्याप्त संख्या में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ एवं तकनीकी कर्मचारी तैनात

युद्ध जैसी स्थिति आने पर यदि घायल पहुंचें तो उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा देने की व्यवस्था को पुख्ता बनाया जा रहा है। इसके लिए विशेष रूप से सर्जन, फिजीशियन और अस्थि रोग विशेषज्ञों की तीन टीमें गठित की गई हैं जिन्हें घायलों का प्राथमिक और विशेष इलाज की जिम्मेदारी दी गई है। मेडिकल कॉलेज में 430 बेड की व्यवस्था की गई है। यहां पर्याप्त संख्या में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ एवं तकनीकी कर्मचारी तैनात किए गए हैं। एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है जो चौबीस घंटे सक्रिय रहेगा जबकि जिला अस्पताल एवं महिला अस्पताल में मिलाकर कुल 80 बेड की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *