हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, छह की मौत, एक घायल
उत्तरकाशी से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आई है। यहां एक निजी हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हो गया। जिसमें छह लोगों की मृत्यु की खबर है।
उत्तरकाशी के गंगनानी से आगे आज सुबह एक निजी हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कुल सात लोगों में से छह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर ‘एयरोट्रांस’ प्राइवेट कंपनी का था।
हेलिकॉप्टर में सवार सभी लोगों के नाम आए सामने
दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर में 1 पायलट और 6 यात्री सवार थे। जिनमे विनीत गुप्ता, अरविंद अग्रवाल,विपिन अग्रवाल,पिंकी अग्रवाल,रश्मि, किशोर जाधव, कैप्टन रॉबिन सिंह (पायलट) थे।
सीएम ने जताया दुःख
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “गंगनानी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों की मृत्यु का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है।”
मुख्यमंत्री ने घायलों को हर संभव सहायता देने और दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि वह लगातार अधिकारियों से संपर्क में हैं और हालात पर निगरानी रखी जा रही है।