तेंदुए ने मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति पर किया हमला, हालत गंभीर
तेंदुए के हमले से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि वह सुबह की सैर पर निकले थे। इस बीच तेंदुए ने उनपर हमला कर दिया। चार घंटे की खोजबीन के बाद उन्हें झाड़ियों में घायल अवस्था में पाया गया।
जानें पूरा मामला
घटना बग्वालीपोखर क्षेत्र के ग्राम भंडरगांव की है। यहां के निवासी जमन सिंह (58) पुत्र आन सिंह, जो दिल्ली में एक निजी संस्था में नौकरी करते हैं, छुट्टियों में अपने गांव आए थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे वह रोजाना की तरह सैर के लिए निकले, लेकिन देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। लगभग चार घंटे की खोजबीन के बाद परिजनों, पुलिस और ग्रामीणों ने उन्हें बग्वालीपोखर कफड़ा मोटरमार्ग के पास झाड़ियों में घायल हालत में पाया।
स्थानीय लोगों ने की ये मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमन सिंह पर तेंदुए ने हमला किया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल को तुरंत रानीखेत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। वन विभाग के रेंजर गोपाल दत्त जोशी ने बताया कि प्रभावित परिवार को तात्कालिक सहायता के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं।वहीं स्थानीय लोगों ने वन विभाग से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।