पनुवानौला में आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर, 900 से अधिक लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बुधवार को न्याय पंचायत पानुवानौला में बहुउद्देशीय का आयोजन किया गया। इस दौरान शिविर में 900 से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हुए और कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
लोगों के बनें आधार कार्ड और कई के ई श्रम कार्ड
विकासखंड के गांधी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित शिविर के माध्यम से समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा विभाग, पंचायतीराज विभाग , कृषि, उद्यान, विद्युत, पेयजल समेत अनेक विभागों ने लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किय। शिविर में कई लोगों के आधार कार्ड बने और कई के ई श्रम कार्ड। किसी को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट दी गई तो किसी ने समाज कल्याण विभाग के माध्यम से सहायक उपकरण प्राप्त किए। शिविर में पहुंचे उपाध्यक्ष, राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद दिनेश आर्य ने कहा कि इस कार्यक्रम की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का समाधान उनके निकट जाकर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कार्यक्रम की मंशा के अनुरूप लोगों तक योजनाओ को पहुंचाने के निर्देश दिए।
डीएम ने सुनी जनता की समस्याएँ
वहीं, डीएम अंशुल सिंह ने जनता की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और एक-एक कर फरियादें सुनीं। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित व प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचना तथा लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से शासन एवं जनता के बीच की दूरी को कम किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
यहाँ उपस्थित जन
यहां जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।
योजनाओं की लगाई गई प्रदर्शनी
डीएम ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई और प्रत्यक्ष रूप से लोगों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस शिविर में कुल 83 शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित पंजीकृत की गई। इन शिकायतों में से अधिकतर का मौके पर ही समाधान किया गया। जिन समस्याओं का मौके पर ही समाधान संभव नहीं था, उनको अग्रिम कार्यवाही के लिए प्रेषित किया गया।
