अदिति महाविद्यालय में ‘विकसित भारत सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत विविध प्रतियोगिताओं और कार्यशालाओं का आयोजन
दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इंद्रराज रहे विशेष अतिथि
बवाना । दिल्ली विश्वविद्यालय के अदिति महाविद्यालय में 29 सितम्बर 2025 को विकसित भारत सेवा पखवाड़ा और हिन्दी मास के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इंद्रराज विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने महाविद्यालय परिसर का भ्रमण किया, विभिन्न कार्यशालाओं और प्रतियोगिताओं का अवलोकन करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन और प्रतिभागियों की सराहना की।
सेवा पखवाड़ा और हिंदी मास के अवसर पर महाविद्यालय में हिंदी एवं पत्रकारिता विभाग के द्वारा अनेक प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें स्वरचित काव्य पाठ,भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण आदि प्रतियोगिताओं के माध्यम से सेवा पखवाड़े को बहुत उत्साह और उत्सवधर्मिता के साथ मनाया गया।
जिसमें हिंदी और हिंदी पत्रकारिता विभाग के अलावा अन्य पाठ्यक्रमों की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित की। पत्रकारिता की छात्राओं ने समाचार वाचन, संपादन, पैनल डिस्कशन, रिकॉर्डिंग और संपादन ,फोटो शूट के तकनीकी कौशल और दक्षता को प्रदर्शित किया। महिला विषयक सोच परिवर्तन को दर्शाते हुए विकसित भारत के थीम को रेखांकित करते हुए विज्ञापन का अभिनयात्मक एवं पी पी टी प्रदर्शन किया गया । जिसे सभी ने खुले मन से सराहा और उसकी भूरी-भूरी प्रशंसा की ।

इसके अतिरिक्त इस अवसर पर हिंदी पत्रिका का निर्माण किया गया जिसमें विविध विषयों पर राष्ट्र में होने वाले सकारात्मक परिवर्तन, विकसित सोच और विकसित भारत की संकल्पना को दर्शाया गया ।
इस अवसर पर हिंदी और पत्रकारिता विभाग की छात्राओं द्वारा रोमांचक पैनल डिस्कशन भी हुआ। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने फोटोशूट के माध्यम से अपनी तकनीकी दक्षता को बखूबी प्रकट किया। हिंदी और हिंदी पत्रकारिता विभाग के छात्राओं ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर माला मिश्र के प्रयासों से महाविद्यालय की ऑडियो वीडियो और वीडियो लैब को सुचारू और सुगमता से संचालन करने की पहल की गई जिससे छात्राओं को नवीन तकनीकी के माध्यम से पत्रकारिता के गुरु सीखने में मदद मिल रही है।
महाविद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। रचनात्मक पोस्टरों और भावपूर्ण कविताओं ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इन समस्त प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का संचालन हिन्दी विभाग की प्रभारी प्रो. माला मिश्र के कुशल मार्गदर्शन और निर्देशन में हुआ जिन्होंने छात्राओं को निरंतर प्रोत्साहित किया और उनकी रचनात्मकता को सराहा।
इसके साथ ही, शिक्षा विभाग ने पेंटिंग वर्कशॉप (वारली पेंटिंग) का आयोजन किया। छात्राओं ने पारंपरिक लोक कला की बारीकियों को समझा और अपने कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। इस आयोजन का संयोजन शिक्षा विभाग की प्रभारी प्रो. सरिता ने किया ।
महिला विकास प्रकोष्ठ ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से “महिला सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया। इस अवसर पर छात्राओं को आत्मरक्षा और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
इस कार्यक्रम की संयोजक प्रो. रश्मि शर्मा रहीं।
सांस्कृतिक समिति द्वारा नृत्य प्रतियोगिता और फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। नृत्य प्रतियोगिता का विषय “रंगीला भारत” रखा गया, जिसमें टीमों ने भारतीय संस्कृति की विविधता को प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. नीलम राठी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन व्यक्तित्व निर्माण और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर प्रो. माला मिश्र ने अपने संबोधन मे छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हिंदी विभाग सदैव उनकी अभिव्यक्ति और सृजनशीलता को प्रोत्साहित करता रहेगा।
इस प्रकार, छात्राओं की सक्रिय भागीदारी और संकाय सदस्यों के सहयोग से ‘विकसित भारत सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रम अत्यंत सफल और प्रेरणादायक रहे।
