उत्तराखंड: खंडहरनुमा मकान से 35 वर्षीय महिला का शव बरामद, तीन दिन से थी लापता

राजधानी देहरादून के सहस्त्रधारा क्रॉसिंग के पास स्थित चूनाभट्टा इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खंडहरनुमा मकान से करीब 35 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

परिजनों के अनुसार महिला पिछले तीन दिनों से घर से लापता थी। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि तलाश का अंत इस दर्दनाक घटना के साथ होगा। बताया जा रहा है कि महिला का पति ऑटो चालक है और परिवार में तीन से चार साल का एक छोटा बच्चा भी है।

लंबे समय से स्मैक की लत का शिकार

जानकारी के मुताबिक महिला लंबे समय से स्मैक की लत का शिकार थी। परिजनों ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की और नशामुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया था। कुछ समय तक स्थिति सुधरी, लेकिन बाद में वह फिर से नशे की गिरफ्त में आ गई। पुलिस को महिला के हाथों पर कई निशान भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह इंजेक्शन के जरिए भी नशा करती थी। ऐसे में ड्रग ओवरडोज का एंगल भी सामने आ रहा है। हालांकि महिला के सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश है। उनका आरोप है कि चूनाभट्टा इलाके में लंबे समय से खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है। इस संबंध में कई बार पुलिस से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते सख्ती बरती जाती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *