देहरादून में कल शुक्रवार से शुरु हुए उत्तराखण्ड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की धूम वैश्विक व्यापारिक गलियारों के साथ ही सोशल मीडिया पर भी छायी रही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखण्ड पहुंचते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर #ModiInUKInvestorSummit नंम्बर 1 पर ट्रेंड करने लगा। इसके साथ ही #DestinationUttarakhand भी ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल रहा।
हैशटैग की ट्रेंडिंग 12 घंटों तक लगातार बनी रही
खास बात यह है कि इन हैशटैग की ट्रेंडिंग 12 घंटों तक लगातार बनी रही। उत्तराखण्ड के साथ ही देश की बड़ी हस्तियों व उद्योग समूहों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर समिट से संबंधित पोस्ट किए।
44 हजार करोड़ के इन्वेस्टमेंट एमओयू की ग्राउंडिंग की गई
उत्तराखण्ड में इतने बड़े स्तर पर पहली बार मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है जो और भी खास तब बन गया जब समिट के पहले दिन ही ₹44 हजार करोड़ के इन्वेस्टमेंट एमओयू की ग्राउंडिंग हो गई। मुख्य रूप से Ev (इलेक्ट्रिक व्हीकल्स), रियल एस्टेट, हेल्थ केयर, हायर एजुकेशन, पर्यटन, फिल्म, आयुष और ऊर्जा के क्षेत्रों में निवेश के लिए एमओयू किए गए।
कई देशों के राजदूत हुए शामिल
उत्तराखण्ड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के पहले दिन कल डेनमार्क, इजिप्ट, एरिट्रिया, जिबूती, इथोपिया, घाना, ग्रीस, गुयाना, जैमेका, कजाखस्तान, Lao PDR, लेसोथो, मलावी, मालदीव सहित कई देशों के राजदूत शामिल हुए।
जिंदल प्रोडक्शन प्रा. लि. द्वारा फिल्म ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट एन्ड रिसर्च की स्थापना हेतु एमओयू किया गया
वहीं फिल्म निर्माण के क्षेत्र में निवेश हेतु जिंदल प्रोडक्शन प्रा. लि. द्वारा फिल्म ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट एन्ड रिसर्च की स्थापना हेतु एमओयू किया गया। एमओयू फ़िल्म विकास परिषद के मुख्य अधिकारी एवं महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी एवं जिंदल प्रोडक्शन के सीएमडी आर. के.जिंदल द्वारा किए गए।
