महानगर में शुरू हुआ 61वां रामलीला महोत्सव, राम जन्म और ताड़का वध ने मोहा मन
लखनऊ। श्री रामलीला समिति, महानगर की ओर से आयोजित 61वें रामलीला महोत्सव का बुधवार को श्री गणेश पूजन और मंगलाचरण के साथ शुभारंभ हुआ। पहले दिन भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव और ताड़का वध सहित विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया गया। राम जन्मोत्सव और ताड़का वध के दृश्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहे।
समिति के महासचिव हेम पंत ने बताया कि रामलीला के पहले दिन दशरथ-वशिष्ठ संवाद, राम जन्मोत्सव, सीता जन्मोत्सव, दशरथ-विश्वामित्र संवाद, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार, विश्वामित्र-जनक संवाद तथा पुष्प वाटिका से गौरी पूजन तक के प्रसंगों का मंचन किया गया।
राम जन्म के प्रसंग में ‘जन्मे राम रघुरय्या, अवध में बाजे बधइया’ की प्रस्तुति के बीच पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। वहीं, ताड़का वध के प्रसंग में कृतिका श्रीवास्तव ने ताड़का की भूमिका निभाई। ताड़का के अट्टहास और श्रीराम को ललकारने के दृश्य ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद भगवान श्रीराम ने एक ही बाण से ताड़का का वध किया। इस प्रसंग के मंचन के दौरान पंडाल तालियों से गूंज उठा। मानस की चौपाइयों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कलाकारों ने निभाईं विभिन्न भूमिकाएं
रामलीला में श्री गणेश की भूमिका तारा दत्त जोशी, दशरथ की कुणाल पंत, कौशल्या की भारती जोशी कांडपाल, सुमित्रा की श्वेता भटनागर, कैकेयी की आशा रावत और सुमंत की कमल पंत ने निभाई। भगवान श्रीराम की भूमिका यशी लोहुमी और लक्ष्मण की भूमिका फाल्गुनी लोहुमी ने निभाई।
वशिष्ठ के रूप में हरीश उपाध्याय, विश्वामित्र के रूप में मनीष उपाध्याय, ताड़का के रूप में कृतिका श्रीवास्तव, जनक के रूप में हरीश लोहुमी, जनक पत्नी के रूप में भावना लोहुमी, सीता के रूप में अनुराधा मिश्रा, सदानंद के रूप में घनानंद जोशी, अहिल्या के रूप में यशी शर्मा और गौरी की भूमिका प्रसिद्ध जोशी ने निभाई। प्रसिद्ध उद्घोषक पंडित नारायण दत्त पाठक ने सूत्रधार की भूमिका निभाई।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
इससे पूर्व समिति के अध्यक्ष ललित मोहन जोशी, मुख्य संयोजक दीपक पांडे दीनू, विनोद पंत बीनू, वरिष्ठ पदाधिकारी अनिल जोशी, बृजेश मेहता और नीरद लोहानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि एवं समिति के संरक्षक, सेवानिवृत्त वायुसेना अधिकारी बी.पी. पांडे का स्वागत किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर रामलीला महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नृत्य निर्देशिका भारती पांडे, हेमा तिवारी, भावना लोहानी, मंजू पडेलिया शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आज होगा धनुष यज्ञ का मंचन
रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन, 15 अक्टूबर को रात आठ बजे धनुष यज्ञ, लक्ष्मण-परशुराम संवाद, कैकेयी-मंथरा संवाद तथा कैकेयी-दशरथ संवाद का मंचन किया जाएगा।
