अगले तीन माह के भीतर दोबारा आयोजित होगी यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा


अगले तीन माह के भीतर दोबारा आयोजित होगी यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा

उत्तराखण्ड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आयी है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 21 सितंबर 2025 को प्रदेश के सभी जनपदों में आयोजित स्नातक स्तरीय लिखित प्रतियोगी परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। 

अगले तीन माह के भीतर दोबारा आयोजित होगी परीक्षा


आयोग ने परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया है। यह परीक्षा अब अगले तीन माह के भीतर दोबारा आयोजित की जाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे प्रश्न पत्र के स्क्रीन शॉट

आयोग के मुताबिक, 21 सितंबर 2025 को परीक्षा समाप्त होने के लगभग डेढ़ घंटे बाद (दोपहर 01:30 बजे) सोशल मीडिया पर कुछ प्रश्नों के स्क्रीन शॉट वायरल हुए थे। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने तत्काल एसएसपी देहरादून को कार्रवाई के लिए सूचना भेजी। प्राथमिक जाँच के आधार पर रायपुर थाना, देहरादून में 22 सितंबर 2025 को मु०अ०सं०-0301 पंजीकृत किया गया

न्यायिक जाँच आयोग की अंतरिम रिपोर्ट पर निर्णय


प्रकरण की गहन जाँच के लिए सरकार ने 27 सितंबर 2025 को कमीशन ऑफ इन्क्वायरी एक्ट 1952 के तहत उत्तराखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश यू० सी० ध्यानी के नेतृत्व में एक सदस्यीय न्यायिक जाँच आयोग का गठन किया था।

न्यायिक आयोग की अंतरिम जाँच आख्या प्राप्त हुई

आयोग को 8 अक्टूबर 2025 को न्यायिक आयोग की अंतरिम जाँच आख्या प्राप्त हुई। आख्या का गहन अध्ययन और विचार विमर्श करने के बाद UKSSSC ने यह फैसला लिया। आयोग का मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की गोपनीयता, शुचिता एवं पारदर्शिता के साथ-साथ इसका संदेह से परे होना भी आवश्यक है, ताकि अभ्यर्थियों और आम जनमानस का आयोग पर पूर्ण विश्वास बना रहे।

चूंकि मामले की विवेचना अभी भी प्रचलित है, इसलिए परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए 21 सितंबर 2025 को हुई परीक्षा को निरस्त करना ही उचित समझा गया है।

अगले 3 माह में होगी पुनः परीक्षा


आयोग ने स्पष्ट किया है कि निरस्त की गई स्नातक स्तरीय परीक्षा की पुनः परीक्षा आगामी तीन माह के पश्चात आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इस फैसले से परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों को एक बार फिर तैयारी करनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *