सेला गांव के माँ चण्डिका देवी मंदिर में श्रीमद् देवी भागवत कथा का नौवां दिन, कल भंडारे के साथ होगा समापन
अल्मोड़ा। ग्राम सेला स्थित माँ चण्डिका देवी मंदिर में 17 जून से आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आज नौवां दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर देवी महिमा का श्रवण कर रहे हैं।
कथावाचक भास्करानंद जोशी ने अपने प्रवचनों में कहा कि “माँ भगवती की भक्ति मनुष्य के जीवन से भय, दुख और अज्ञान को दूर करती है। देवी भागवत केवल एक कथा नहीं, बल्कि जीवन को धर्म, संस्कार और सदाचार के मार्ग पर चलाने की प्रेरणा देने वाला दिव्य ग्रंथ है।”
उन्होंने कहा कि “जहां श्रद्धा, सेवा और सत्संग होता है, वहां स्वयं देवी शक्ति का वास होता है। मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य ईश्वर भक्ति, परोपकार और अच्छे कर्मों के माध्यम से समाज का कल्याण करना है।”
कथा के दौरान देवी महिमा, शक्ति उपासना, धर्म के महत्व तथा मानव जीवन में संस्कारों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और श्रद्धालु भजनों व कथा श्रवण में भाव-विभोर नजर आए।
आयोजक बिनवाल परिवार ने बताया कि कथा का समापन कल हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा प्रसाद ग्रहण करने और माँ चण्डिका देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
