उत्तराखंड कांग्रेस की 23 सदस्यीय ‘राजनीतिक मामलों की समिति’ का तत्काल प्रभाव से ऐलान

उत्तराखंड में आगामी राजनीतिक समीकरणों को साधने और संगठन को नई धार देने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने बड़ा कदम उठाया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद उत्तराखंड कांग्रेस की 23 सदस्यीय ‘राजनीतिक मामलों की समिति’ का तत्काल प्रभाव से ऐलान कर दिया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची में राज्य के तमाम बड़े चेहरों को जगह देकर असंतोष को थामने और एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई है।

कुमारी सैलजा को अहम जिम्मेदारी, प्रदेश के दिग्गज भी शामिल​पार्टी आलाकमान ने उत्तराखंड कांग्रेस की इस बेहद महत्वपूर्ण समिति में वरिष्ठ नेत्री कुमारी सैलजा को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। उनके अलावा समिति में प्रदेश कांग्रेस के सभी शीर्ष क्षत्रपों को एक मंच पर लाया गया है। समिति में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को शामिल किया गया है। इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी को भी इस 23 सदस्यीय हाई-प्रोफाइल कमेटी में विशेष स्थान दिया गया है।​

​पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस समिति का मुख्य उद्देश्य राज्य में कांग्रेस की राजनीतिक रणनीतियों को तय करना, सरकार के खिलाफ मुद्दों को प्रखरता से उठाना और टिकट वितरण से लेकर सांगठनिक फैसलों पर आम सहमति बनाना है।लंबे समय से चल रही भीतरी खींचतान और गुटबाजी को दरकिनार कर सभी गुटों के शीर्ष नेताओं को एक ही टेबल पर लाना आलाकमान की बड़ी रणनीति माना जा रहा है।​

महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह समिति तत्काल प्रभाव से काम करना शुरू कर देगी। आने वाले दिनों में उत्तराखंड की सियासत और सांगठनिक फेरबदल में इस समिति की भूमिका सबसे निर्णायक होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *