ध्यान दें: क्वारब बाईपास मार्ग पर 15 से 18 जुलाई तक यातायात व्यवस्था में बदलाव

NH-109 से होगा आवागमन

अल्मोड़ा, 14 जुलाई। अतिवृष्टि के कारण क्वारब बाईपास मार्ग पर हुए भूस्खलन के बाद प्रशासन ने 15 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया है।जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अंशुल सिंह ने बताया कि अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोक निर्माण विभाग, रानीखेत द्वारा अवगत कराया गया है कि क्वारब बाईपास मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है।

वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के किमी 56 पर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में सड़क की चौड़ाई लगभग 7 मीटर तक बहाल कर दी गई है तथा पहाड़ी की स्केलिंग और ट्रीटमेंट का कार्य लगातार जारी है।प्रशासन के आदेशानुसार 15 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक अल्मोड़ा–क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 सभी प्रकार के वाहनों, हल्के वाहनों और यात्री बसों के लिए खुला रहेगा। वहीं चौसली–क्वारब वैकल्पिक मोटर मार्ग इस अवधि में सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूर्णतः बंद रहेगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा तथा प्रतिबंधित मार्ग पर किसी भी दुर्घटना या वाहन संचालन की स्थिति में संबंधित चौकी एवं थाना प्रभारी उत्तरदायी होंगे।हालांकि, एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी। यदि किसी अन्य वाहन का प्रतिबंधित अवधि में आवागमन अत्यंत आवश्यक हो, तो संबंधित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अथवा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेने के लिए अधिकृत होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *