Almora डिजिटल हाउस अरेस्ट’ में रखकर ऐंठ लिए पौने नौ लाख, गिरफ्तार

डिजिटल हाउस अरेस्ट के नाम पर ₹8.80 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, हरियाणा से आरोपी को दबोच लायी अल्मोड़ा पुलिस

एसएसपी अल्मोड़ा के निर्देशन में हुई कार्रवाई, फर्जी अधिकारी बनकर की गयी साइबर ठगी, साइबर ठग गिरफ्तार

आतंकवाद के नाम पर डराया ‘डिजिटल हाउस अरेस्ट’ में रखकर, ऐंठ ली थी मेहनत की कमाई

मामला-
वादी जीवन सिंह रावत पुत्र दीवान सिंह, निवासी ग्राम धारड़, थाना भतरौजखान, जनपद अल्मोड़ा द्वारा थाना भतरौजखान में https://cybercrime.gov.in/ में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर अवगत कराया कि अज्ञात व्यक्तियों ने स्वयं को पुलिस एवं जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर आतंकवाद संबंधी फर्जी मामले में नाम आने का भय दिखाया। आरोपियों ने उन्हें तथाकथित “डिजिटल हाउस अरेस्ट” में रखते हुए मानसिक रूप से भयभीत किया तथा जेल भेजने की धमकी देकर लगभग ₹8.80 लाख की धनराशि विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से अपने खातों में ट्रांसफर करा ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना भतरौजखान में मु0 FIR NO- 08/2026 धारा 318(4), 319(2), 308(6) BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।

एक्शन-
चंद्रशेखर घोडके, एसएसपी अल्मोड़ा द्वारा संबंधितों को निर्देशित कर पुलिस टीम का गठन किया गया और साइबर ठगी के गिरोह को दबोचने के लिये आवश्यक कार्यवाही शुरु की गई।
एसएसपी महोदय द्वारा गठित पुलिस टीम को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये जा रहे थे।

उपरोक्त पंजीकृत मुकदमों में विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर रंजोत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी ग्राम जगमलवाली, थाना कालांवाली/सिरसा, जिला सिरसा (हरियाणा) प्रकाश में आया। थानाध्यक्ष भतरौजखान श्री अवनीश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा सर्विलांस/साइबर टीम से समन्वय स्थापित कर तकनीकी जांच और सतत मॉनिटरिंग से दिनांक 22.07.2026 को ग्राम जगमलवाली, जिला सिरसा (हरियाणा) अभियुक्त के निवास स्थान से अभियुक्त रंजोत सिंह को गिरफ्तार किया गया।

ऐसे किया था डिजिटल हाउस अरेस्ट-
दिनांक 10.03.2026 को उन्हें व्हाट्सएप पर संदेश प्राप्त हुआ। कॉलकर्ता ने स्वयं को ATS Department Pune का इंस्पेक्टर सुमित मिश्रा बताकर फर्जी आतंकवाद संबंधी केस में उनका नाम होने की बात कही तथा फर्जी दस्तावेज एवं कोर्ट आदेश भेजकर उन्हें गिरफ्तार कराने की धमकी दी। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से स्वयं को जांच अधिकारी बताकर लगातार संपर्क किया गया। वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें किसी को जानकारी न देने, हर घंटे रिपोर्ट करने तथा मोबाइल सर्विलांस पर होने की बात कहकर मानसिक रूप से भयभीत किया गया।
आरोपियों ने पीड़ित से Google Pay पर खाता बनवाया, अपनी ई-मेल आईडी लॉगिन कराई तथा वीडियो कॉल के माध्यम से SBI एवं Union Bank के बैंक खातों/कार्डों को सक्रिय कराया। इसके बाद 18.03.2026 से 31.03.2026 के बीच जांच के नाम पर डरा-धमकाकर 9 अलग-अलग ट्रांजैक्शनों में कुल ₹8,80,000 की धनराशि अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण-
रंजोत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी ग्राम जगमलवाली, थाना कालांवाली/सिरसा, जिला सिरसा (हरियाणा)

पुलिस टीम-

  1. उ0नि0 संजय जोशी, प्रभारी चौकी भिकियासैंण, थाना भतरौजखान
  2. हेड कानि0 राजाराम, थाना भतरौजखान
  3. हेड कानि0 प्रकाश सिंह, थाना भतरौजखान

जनहित में अल्मोड़ा पुलिस की अपील-

“डिजिटल अरेस्ट” जैसी कोई कानूनी या पुलिस प्रक्रिया नहीं होती। यदि कोई व्यक्ति पुलिस, सीबीआई, ईडी, साइबर सेल या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल, व्हाट्सएप कॉल या फोन कॉल के माध्यम से आपको “डिजिटल अरेस्ट” करने, डराने-धमकाने या पैसे की मांग करने का प्रयास करे, तो घबराएं नहीं और किसी भी प्रकार की धनराशि ट्रांसफर न करें। ऐसी किसी भी संदिग्ध कॉल या साइबर ठगी की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *