नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के अंतर्गत ‘हस्ताक्षर अभियान आयोजित
आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को, राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत, अल्मोड़ा के प्रांगण में नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के अंतर्गत ‘हस्ताक्षर अभियान- 2026 कार्यक्रम का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया।
युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से किया आगाह
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय परिसर और समाज को नशे की बुराइयों से अवगत कराना और एक स्वस्थ, नशा मुक्त वातावरण बनाने का संकल्प लेना था।
कार्यक्रम का सफल संचालन और आयोजन समाजशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉक्टर सीमा प्रिया, एंटी-ड्रग सेल , नोडल अधिकारी के कुशल निर्देशन में किया गया। आपके द्वारा बताया गया कि कैसे दृढ़ प्रतिज्ञ होकर स्वयं को एवं महाविद्यालय परिसर को नशा मुक्ति एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान किया जा सकता है । इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर ललन प्रसाद वर्मा ने अपने ओजस्वी और ज्ञानवर्धक व्याख्यान में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से आगाह किया और नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाया गया
कार्यक्रम के एक महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में एक विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों और विशेष रूप से छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी छात्राओं ने इस अभियान में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और हस्ताक्षर करके एक पवित्र शपथ ली कि वे अपने कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र को नशा मुक्त बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने प्रतिज्ञा ली कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहेंगे, बल्कि दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।
इस ऐतिहासिक क्षण में महाविद्यालय के प्राचार्य सहित समस्त विभागों के प्राध्यापक व प्राध्यापिका और शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण तथा छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे, समस्त स्टाफ की उपस्थिति ने इस अभियान को और अधिक बल दिया और यह संदेश दिया कि पूरा महाविद्यालय परिवार नशे के खिलाफ एकजुट है।
यह अभियान सकारात्मक बदलाव लाने और लोगों को नशे की गिरफ्त से बचाने में सहायक
छात्राओं ने अपनी भागीदारी से यह साबित कर दिया कि वे देश के भविष्य के जिम्मेदार नागरिक हैं और वे एक स्वस्थ और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह अभियान निस्संदेह समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाने और लोगों को नशे की गिरफ्त से बचाने में सहायक सिद्ध होगा।
