Almora: शराब से लदा ट्रक हुआ अनियंत्रित, लोगों ने गायब की पेटिया

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। अल्मोड़ा-लमगड़ा मोटर मार्ग पर विश्वनाथ से करीब चार किलोमीटर दूर गुरुवार शाम को शराब से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।

इस हादसे में ट्रक चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। लेकिन हादसे के बाद रात के अंधेरे में स्थानीय लोगों ने ट्रक में रखी शराब पर जमकर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने के बाद अब अल्मोड़ा पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रुद्रप्रयाग निवासी ट्रक चालक अनिल नेगी गुरुवार को देहरादून से करीब 160 पेटी शराब लेकर अल्मोड़ा की तरफ आ रहा था। जब वह विश्वनाथ के पास पहुंचा तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार को बचाने के चक्कर में उसने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते ट्रक सड़क से नीचे पलट गया।

सुनसान जगह होने और शाम का समय होने के कारण घबराया हुआ चालक ट्रक को उसी हालत में छोड़कर अल्मोड़ा चला आया। ट्रक पलटने की खबर आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को जैसे ही लगी, वहां भीड़ जुटना शुरू हो गई। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कई लोगों ने ट्रक से शराब की पेटियां गायब करना शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के कारण ट्रक के अंदर ही शराब की कई पेटियां टूट गईं, जबकि बची हुई पेटियों को लोग उठाकर अपने साथ ले गए। अगले दिन सुबह जब चालक ने मौके पर आकर देखा तो भारी मात्रा में शराब गायब थी।

शुक्रवार को पीड़ित ट्रक चालक अनिल नेगी ने इस पूरी घटना की लिखित शिकायत स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने चालक की तहरीर के आधार पर दुर्घटना और शराब चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। जल्द ही शराब चुराने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *