टनकपुर से महाराष्ट्र तक नई रेल सेवा की शुरुआत के लिए मिली स्वीकृति


टनकपुर से महाराष्ट्र तक नई रेल सेवा की शुरुआत के लिए मिली स्वीकृति

देवभूमि उत्तराखण्ड और सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए केंद्र सरकार ने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। केंद्र सरकार ने टनकपुर (उत्तराखण्ड) से तख्त श्री नांदेड़ साहिब (महाराष्ट्र) तक नई रेल सेवा की शुरुआत के लिए स्वीकृति दी है। इस निर्णय से अब देश के प्रमुख पवित्र स्थलों में से एक नांदेड़ साहिब की यात्रा उत्तराखण्ड के हजारों श्रद्धालुओं के लिए सुगम एवं सुविधाजनक होगी।

सीएम ने जताया आभार 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वूपर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि यह कदम न केवल उत्तराखण्ड के सिख समुदाय और श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करता है, बल्कि इससे प्रदेश के धार्मिक पर्यटन को भी नई दिशा प्रदान होगी।

पूरे उत्तराखण्ड के श्रद्धालुओं को मिलेगा सीधा लाभ 

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर से चलने वाली इस रेल सेवा से तराई क्षेत्र सहित पूरे उत्तराखण्ड के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। यह रेल संपर्क सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हुए उत्तराखण्ड को राष्ट्रव्यापी धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त रूप से स्थापित करेगा।

प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में राज्य के सर्वांगीण विकास हेतु सतत प्रयासरत है। नई रेल सुविधा उत्तराखण्ड की कनेक्टिविटी को और सुदृढ़ करते हुए व्यापार, पर्यटन एवं सांस्कृतिक यात्राओं को भी प्रोत्साहित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *