सीएम धामी ने पिथौरागढ़ के लिए 217 करोड़ रुपए की योजनाओं का किया लोकार्पण

धामी ने 217 करोड़ की योजनाओं का पिथौरागढ़ में किया लोकार्पण

कहा अब विकास की दौड़ में हमारे सीमांत जनपद रहेंगें सबसे आगे

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पिथौरागढ़ के लिए 217 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। धामी ने कहा कि ये योजनांए पिथौरागढ़ के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।

इस मौके पर आयोजित दीदी-बैंणा नारी शक्ति महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति के बिना किसी भी देश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए जो कार्य हो रहे हैं वह भारत की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने जनपद पिथौरागढ़ के विकास को समर्पित विभिन्न घोषणाएं की जिसमें आंवला घाट फेज-2 पेयजल योजना का निर्माण कार्य , फगाली गाड़ से पनार पुल तक वैकल्पिक सड़क मार्ग का निर्माण , मोस्टामानू मंदिर का सौंदर्यीकरण, नैनी-सैनी से जाजरदेवल तक हॉटमिक्स सड़क व नाली निर्माण की घोषणा शामिल हैं।

बालिका खिलाड़ियों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री धामी ने बिण सिडकुल आस्थान में 253 उद्यमियों को व्यवसायिक भूखंड आवंटन स्वीकृति पत्र प्रदान किए। उन्होंने पर्यटन विभाग/ जिला प्रशासन की कॉफी टेबल बुक का विमोचन करने के साथ ही मिलेट निर्मित भीटोली का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री धामी ने 6 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, 6 अंतरराष्ट्रीय बालिका खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित माताओं एवं बहनों का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि अपनी जन्मभूमि पिथौरागढ़ में आना उनके लिए हमेशा भावुक क्षण होता हैं। उन्होंने कहा कि आज जिन 206 करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है, वो सभी जनपद के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। इस क्षेत्र के विकास के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को भी लाभ होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य जिलों की भांति ही अपनी जन्मभूमि में माताओं-बहनों बहनों का जो प्यार और दुलार उन्हें मिला है उससे वे अभिभूत हैं।

जल्द ही मेडिकल कॉलेज बनेगा

पिथौरागढ़ में जल्द ही मेडिकल कॉलेज बनेगा जिसके लिए सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। मेडिकल कॉलेज हेतु लगभग 1 हजार से ज्यादा पदों की स्वीकृति पर मंत्रिमंडल ने सहमति दे दी है। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ में पार्किंग पंपिंग योजनाएं, प्रशासनिक भवन और सड़कों के निर्माण कार्य में भी तेजी आई है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत पिथौरागढ़ के मंदिरों को भी जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि नैनी सैनी हवाई अड्डे में 19 सीटर विमान की ट्रायल लैंडिंग सफल हुई है। डीजीसीए की अनुमति आने पर यह विमान नियमित पिथौरागढ़ से चलेगा। उन्होंने कहा कि विकास की दौड़ में हमारे सीमांत जनपद सबसे आगे रहेंगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *