अल्मोड़ा पहुँचे सीएम धामी ने दी 26 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात CM Dhami reached Almora and gave a big gift of 26 development schemes.
……………..
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को अल्मोड़ा जनपद के दौरे पर रहे। यहां सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद को ₹138.092 करोड़ की कुल 26 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी।
सीएम धामी ने अल्मोड़ा की जनता के लिए ₹112.113 करोड़ की लागत वाली 17 बुनियादी योजनाओं का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने ₹25.979 करोड़ की 9 नई महत्वाकांक्षी योजनाओं का शिलान्यास भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इन सभी योजनाओं से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता विकास के लाभ को समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है। अल्मोड़ा जनपद सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए यहां की स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है।लोकार्पण की गई प्रमुख विकास योजनाओं में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास का निर्माण कार्य शामिल है, जिस पर ₹25.226 करोड़ की लागत आई है।
इसके अलावा बदनगढ़ भौनडांडा ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना, शीतलाखेत-कठपुड़िया-दौलाघट मोटर मार्ग का सुधारीकरण और जीआईसी अल्मोड़ा सहित केएमओयू (KMOU) बस स्टैंड में बहुस्तरीय पार्किंग का निर्माण भी संपन्न हो चुका है। इन पार्किंग व्यवस्थाओं के चालू होने से अल्मोड़ा शहर को जल्द ही ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी मुक्ति मिलेगी।
शिलान्यास की गई योजनाओं में मुख्य रूप से गोविन्दपुर, दौलाघट में बैराज निर्माण कार्य और दन्या बाजार स्थित प्रसिद्ध श्री सैम देवता मंदिर का सौंदर्यीकरण शामिल है। इसके अलावा एनटीडी-कफड़खान-धौलछीना मोटर मार्ग का डामरीकरण और मोरनौला-जैंती मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य की भी आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा और विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल सहित जिले के तमाम आला प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
