Haldwani लोगो में रौब जमाने वाला फर्जी IB अधिकारी गिरफ्तार, कार की तलाशी में खुला फर्जीवाड़ा
हल्द्वानी न्यूज़- नैनीताल पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगाकर चल रहा था। पुलिस की पूछताछ में वह IB में अपनी तैनाती से जुड़ी संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाया।
संदेह होने पर कार की तलाशी ली गई तो उसमें फर्जी IB आईडी कार्ड, फर्जी दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार 12 सितंबर 2026 को हल्द्वानी थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान तिकोनिया चौराहे पर काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 आती दिखाई दी।
कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा होने पर पुलिस ने उसे रोककर चालक से पूछताछ की।पूछताछ में चालक ने अपना नाम मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया। युवक ने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो का अधिकारी बताते हुए पुलिस को एक आईडी कार्ड भी दिखाया। हालांकि पुलिस द्वारा पद, नियुक्ति और विभाग से जुड़ी जानकारी मांगने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
युवक की पहचान और दस्तावेजों पर शक होने के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। डैशबोर्ड से फर्जी IB आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद किया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह एयरगन को लोगों पर रौब जमाने के लिए अपने पास रखता था। वहीं उसके पास मौजूद IB आईडी कार्ड और संबंधित दस्तावेज भी फर्जी पाए गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि युवक कथित तौर पर खुद को IB अधिकारी या जवान बताकर फर्जी पहचान और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहा था।
मामले में थाना हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 315/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। आरोपी की कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और फर्जी पहचान के इस्तेमाल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव, कांस्टेबल मो. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे। नैनीताल पुलिस ने कहा है कि जिले में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग लगातार जारी रहेगी। सरकारी अधिकारी बनकर रौब दिखाने, फर्जी पहचान बनाने या सरकारी पद का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
