कैंचीधाम में खाई में गिरा दूध पिकअप वाहन, तीन घायल रेस्क्यू
नैनीताल, 6 अक्टूबर 2026। कैंचीधाम मंदिर क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दूध पिकअप वाहन सड़क से करीब 100 से 150 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे तीन लोगों को गंभीर घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने चौकी कैंचीधाम पुलिस को सूचना दी कि कैंची मंदिर क्षेत्र में केरल ढाबे के पास नदी की ओर खाई में किसी वाहन की लाइट दिखाई दे रही है। वाहन के खाई में गिरने की आशंका पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
सर्च अभियान के दौरान दूध का पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 नदी के पास गहरी खाई में गिरा मिला। पुलिस टीम ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
तीनों घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भवाली भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
घायलों में वाहन चालक अंकित सिंह (33) निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी; बॉबी (22) निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी तथा मोहम्मद साकिब (11) निवासी हल्द्वानी शामिल हैं।
रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी कैंचीधाम उपनिरीक्षक विजय कुमार, अपर उपनिरीक्षक विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हादसे में फंसे तीनों घायलों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
