नैनीताल में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 218 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
लालकुआं। मुख्यमंत्री के “ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान और ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 218.04 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक ऑल्टो कार भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसओजी नैनीताल और कोतवाली लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने 6 अक्टूबर 2026 को लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान सुभाष नगर बैरियर के पास एक ऑल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को रोका। तलाशी के दौरान कार सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) निवासी सिरोली कला, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंहनगर तथा मूल निवासी बहेड़ी, बरेली और मो. शफीक उर्फ शफी (51) निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। नदीम खान ट्रक चालक है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है।
मामले में कोतवाली लालकुआं में धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी
- 218.04 ग्राम अवैध स्मैक
- ऑल्टो कार संख्या UP24-H-4787
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, हेड कांस्टेबल आनंदपुरी, कांस्टेबल दिलीप कुमार, एसओजी के हेड कांस्टेबल कुन्दन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम को 2,000 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
