रामपुर तिराहा कांड: सीएम धामी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को मुजफ्फरनगर में श्रद्धांजलि अर्पित की

रामपुर तिराहा कांड, उत्तर प्रदेश: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को मुजफ्फरनगर में श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा रामपुर तिराहा कांड की बरसी पर रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को, उत्तराखंड आंदोलनकारियों को मैं नमन करता हूं। हम संकल्प लेते हैं कि हम उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं, हम इस दिशा में काम करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार राज्य को आंदोलन के शहीदों के सपनों के अनुरूप विकसित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।
बता दें कि रामपुर तिराहा कांड 1 अक्टूबर 1994 को मुज़फ़्फ़रनगर के रामपुर तिराहे पर हुआ था। इस दिन आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच कहासुनी हुई थी।इसके बाद नारेबाजी और पथराव शुरू हो गया। इस पथराव में तत्कालीन डीएम अनंत कुमार सिंह घायल हो गए। यूपी पुलिस ने क्रूरता से लाठीचार्ज किया और करीब ढाई सौ आंदोलनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।
उस समय मुलायम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे।इस बर्बरता के बीच स्थानीय लोगों ने महिलाओं और आंदोलनकारियों को अपने स्थानों पर शरण भी दी। मामले में खबर लगी तो देर रात तीन बजे के करीब 40 बसों से आंदोलनकारी रामपुर तिराहे पर पहुंचे तो फिर झड़प हुई। फिर 2 अक्टूबर 1994 के दिन मामला ज्यादा संघर्षपूर्ण स्थिति में पहुंच गया। इसमें यूपी पुलिस ने करीब 24 राउंड फायरिंग की जिसमें 7 लोगों की जान चली गई और डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए।
रामपुर तिराहा कांड के बाद आंदोलनकारियों का अलग पहाड़ी राज्य आंदोलन जोर पकड़ गया। और करीब 6 साल बाद उत्तर प्रदेश से अलग होकर नया राज्य उत्तराखंड बना।
रामपुर तिराहा कांड के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न जन संगठनों की ओर से 2 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर में पूर्वाह्न 11 बजे से गांधीजी की प्रतिमा के पास उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *