राजकीय शिक्षक संघ ने प्रभारी प्रधानाचार्य की नृशंस हत्या पर जताया गहरा रोष
राजकीय शिक्षक संघ, जनपद कार्यकारिणी अल्मोड़ा ने रा.इ.का. भटखोला (बागेश्वर) के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की नृशंस हत्या पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है।


विद्यालयों में सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाना सरकार और विभाग की जिम्मेदारी
इस मौके पर शिक्षकों ने कहा कि विद्यालयों में सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाना सरकार और विभाग की जिम्मेदारी है। लेकिन सरकार एवं विभाग दोनों ही इससे बच रहे हैं। जिससे इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं। इससे जहां शिक्षकों का मनोबल गिरेगा वहीं विद्यालयों में पठन पाठन पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। इसके बाद शिक्षकों ने मुख्य शिक्षा अधिकारी के माध्यम से निदेशक माध्यमिक शिक्षा देहरादून को ज्ञापन प्रेषित किया ।
प्रकरण में त्वरित्व निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच किए जाने की मांग
ज्ञापन में उन्होंने विद्यालय व कार्यालय से उत्पीड़न/ भय/दबाव/ शिकायतों से संबंधित प्रकरणों पर गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ न्यायोचित कार्यवाही किए जाने तथा इस प्रकार के प्रकरणों को कदापि लंबित न रखे जाने, सुदूरवर्ती, संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों के कार्य स्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से सहयोग प्राप्त कर सुरक्षात्मक व्यवस्था निश्चित किए जाने तथा दोषी के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्यवाही करवाने हेतु विभागीय अधिकारियों से निर्देशित किये जाने तथा इस प्रकरण में त्वरित्व निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच किए जाने की मांग की गयी है।
इस अवसर पर उपस्थित जन
ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष भूपाल सिंह चिलवाल, जिला मंत्री राजू महरा, पूर्व मंडलीय मंत्री डा० कैलाश डोलिया, ब्लॉक मंत्री हवालबाग खुशहाल महर, ब्लॉक मंत्री धौलादेवी नितेश काण्डपाल, कोषाध्यक्ष जीवन लाल साह, हुकम सिंह पलियाल, राजेन्द्र खड़ायत, हेम चन्द्र पंत, गुरुदीप राणा आदि शिक्षक उपस्थित रहे।
