Uttarakhand weather update: 11 जून से फिर बदलेगा मौसम का मिज़ाज़
मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार 11 जून से पहले मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। अगले दो से तीन दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के कारण देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर बढ़ेगा।
- Daily horoscope: 23 जुलाई 2026 राशिफल
- SSJU विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में क्रीड़ा अनुभाग का विधिवत उद्घाटन
- Devshayani Ekadashi 2026: आ रही हरीशयनी एकादशी, जानें तिथि, शुभ मुहूर्त, व्रत विधि
- Almora अतिरिक्त सूचना अधिकारी सुंदर कुमार का पिथौरागढ़ स्थानांतरण,
- राजकीय शिक्षक संघ ने प्रभारी प्रधानाचार्य की नृशंस हत्या पर जताया गहरा रोष
वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 8 और 9 जून को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य बना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 जून को भी पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब हो सकता है। 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है।
विभाग ने 11 जून के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सिस्टम के प्रभाव से मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
इसके अलावा 12 और 13 जून को भी राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। तेज हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
