राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में राष्ट्रीय हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित

राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में राष्ट्रीय हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित

राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत, अल्मोड़ा में आज दिनांक 14 सितंबर 2026 को “राष्ट्रीय हिंदी दिवस” के अवसर पर हिंदी विभाग के तत्वावधान में हिंदी के समर्थन संरक्षण एवं सम्मान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. ललन प्रसाद वर्मा एवं समस्त प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। 

हिंदी कवियों की स्मृति में उनके कविता पाठ कर उन्हें नमन किया गया

हिंदी विभाग प्रभारी डॉ. दीपिका आर्या ने अपनी प्रस्तावित भाषण में  हिंदी भाषा के उद्भव एवं विकास से लेकर वर्तमान परिप्रेक्ष्य में हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला। तथा उन्होंने हिंदी के विकास की यात्रा तथा विभिन्न कालखंडों में हिंदी को समृद्ध करने वाले प्रमुख साहित्यकारों एवं लेखकों के योगदान को रेखांकित करते हुए अपनी भावनाओं को एक सुंदर एवं भावपूर्ण कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में सभी प्राध्यापकों द्वारा हिंदी कवियों की स्मृति में उनके कविता पाठ कर उन्हें नमन किया गया । डॉ. प्रकाश चंद्र जांगी ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया एवं  हिंदी की वैश्विक स्थिति बताते हुए  विभिन्न कविताओं के माध्यम से कार्यक्रम को काव्यमय बना दिया।

इस अवसर पर डॉ. वसुंधरा लसपाल एवं डॉ. लक्ष्मी मनराल ने स्वरचित कविताओं के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपने भाव व्यक्त किए। 

छात्राओं ने हिंदी भाषा के प्रति अपने भाव प्रस्तुत किए

     डॉ. छत्र सिंह कठायत ने हिंदी के संवैधानिक स्वरूप, राजभाषा के रूप में इसकी भूमिका तथा प्रशासनिक एवं सामाजिक जीवन में हिंदी के महत्व को सरल एवं सहज रूप में समझाया।

कार्यक्रम में सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह,कनिष्ठ सहायक अनुज कुमार तथा कमल बनकोठी ने हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। छात्राओं बबीता जोशी एवं विद्या आर्या ने भी कविता पाठ के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपने भाव प्रस्तुत किए।

अपनी भाषा के प्रति सम्मान और गर्व की भावना रखनी चाहिए

   कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल देते हुए कहा कि हमें अपनी भाषा के प्रति सम्मान और गर्व की भावना रखनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार को हिंदी के प्रयोग को दैनिक जीवन में बढ़ाने तथा भाषा एवं साहित्य से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के  अंत में  हिंदी विभाग प्रभारी द्वारा पुनः राष्ट्रीय हिंदी दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए इस दिवस उत्सव को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करने  हेतु समस्त महाविद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं को धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर उपस्थित जन 

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.एल. पी. वर्मा, डॉ प्रकाश चंद जांगी, डॉ दीपिका आर्या,  डॉ.वसुंधरा लसपाल, डॉ. छत्र सिंह कठायत, डॉ लक्ष्मी मनराल, भूपेंद्र सिंह नेगी, अनुज कुमार,  कर्मचारीगण कमल सिंह बनकोटी, विनोद रतन, हेमंत सिंह मनराल,लाल सिंह ,रोहित बिष्ट एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सभी में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, गौरव एवं आत्मीयता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *