UKSSSC पेपर लीक मामला: आयोग ने माना प्रश्न पत्र के तीन पन्ने बाहर आए
स्वाभिमान मोर्चा अध्यक्ष बॉबी पंवार हिरासत में, एसओजी कर रही पूछताछ
uttarakhand न्यूज़– उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा के बीच पेपर लीक होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। रविवार सुबह 11:35 बजे उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने अपनी फेसबुक वॉल पर एक पोस्ट साझा करते हुए पेपर लीक होने का दावा किया और कथित पेपर की कॉपी भी डाली।सोशल मीडिया पर पेपर वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गया। इसी बीच हरिद्वार पहुंचे बॉबी पंवार को पुलिस और एसओजी की टीम ने हिरासत में ले लिया। उन्हें रानीपुर क्षेत्र स्थित एसओजी कार्यालय ले जाकर पूछताछ की जा रही है।बॉबी पंवार की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही उनके समर्थक भी एसओजी कार्यालय पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच नोकझोंक भी हुई।फिलहाल एसओजी की टीम बॉबी पंवार से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पेपर लीक की जांच गंभीरता से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आयोग ने माना प्रश्न पत्र के तीन पन्ने बाहर आए:
वहीं उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के चेयरमैन गणेश शंकर मर्तोलिया ने पेपर लीक मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रश्न पत्र से जुड़े तीन पन्ने बाहर आए हैं। हालांकि, शुरुआती जांच में यह पन्ने पढ़ने योग्य नहीं पाए गए हैं। चेयरमैन ने यह भी बताया कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे। ऐसे में यह बड़ा सवाल बनकर उभरा है कि फिर भी ये पन्ने बाहर कैसे आए? इस पूरे मामले पर आयोग स्तर पर उच्च स्तरीय बैठक चल रही है। जिसमें विभिन्न पहलुओं की गहनता से समीक्षा की जा रही है।
