ताकुला मंडल के विभिन्न गांवों में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ग्रामीणों की चौपाल लगाकर सुनी उनकी समस्याएँ
सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ताकुला मंडल के विभिन्न गांवों में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने व्यापक जनसंपर्क किया। जिसमें गुरुवार को आगर रोलकुडी, भूलखर्कवाल, बछुराडी, नाकोट और रसियारा गांवों में आयोजित ‘जन मिलन’ कार्यक्रमों के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों की चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा की।
लाखों रुपये के कार्यों की तत्काल घोषणा
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के निवासियों ने मंत्री के सम्मुख बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई मांगें रखीं। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से सड़क और पुलिया निर्माण, खेतों की जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए तारबाड़, सोमेश्वर सब-स्टेशन में बिजली कटौती से निजात दिलाने हेतु ग्रिड संख्या बढ़ाने, पेयजल टैंक और राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।जनता की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रेखा आर्या ने विधायक निधि से लाखों रुपये के कार्यों की तत्काल घोषणा की। जिसमें पंचायत भवन की चारदीवारी, नदी पर पुलिया और मंदिर मार्ग हेतु 6 लाख रुपये (प्रत्येक कार्य के लिए 2-2 लाख)। भूलखर्कवाल और बछुराडी में पेयजल टैंक और सीसी मार्ग निर्माण के लिए 6 लाख रुपये। नाकोट में श्मशान घाट पर स्नानागार और सीसी सड़क के लिए 4 लाख रुपये तथा गोलज्यू देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 2.5 लाख रुपये की घोषणा की।
ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
मंत्री ने ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की कि राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना और शौचालय निर्माण से संबंधित लंबित मामलों के निस्तारण के लिए 18 अप्रैल को सोमेश्वर में एक विशेष शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों पर बिना देरी के कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने कहा कि सोमेश्वर सब-स्टेशन में अतिरिक्त ग्रिड स्थापित करने हेतु जल्द ही विभागीय उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी।
