अल्मोड़ा इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 121 छात्र-छात्राओं की हुई जांच
अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा की ओर से 8 अक्टूबर 2026 को अल्मोड़ा इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 121 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच और नेत्र परीक्षण किया गया। साथ ही, जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने, संतुलित जीवनशैली बनाए रखने और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करने की जानकारी दी।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. नीरज सुयाल, चिकित्सा अधिकारी डॉ. तनुजा नगरकोटी, महिला चिकित्सा अधिकारी पूजा भाकुनी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी विपिन चंद्र एवं योगेश भट्ट, फार्मासिस्ट दीपक दत्ता तथा ऑप्टोमेट्रिस्ट ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस तरह के शिविर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने और उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक सुदर्शन लाल साह, प्रधानाचार्य ब्रज मोहन, संजय पांडे, प्रबंध समिति के मनोनीत सदस्य आशीष जोशी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
