आदि कैलाश बना पर्यटकों की पहली पसंद, यात्रा की तैयारियां हुई शुरू
सरकार ने कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ में शुरू होने वाली आदि कैलाश यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कुमाऊं मण्डल विकास निगम ने पहली बार टनकपुर से काठगोदाम और टनकपुर से पिथौरागढ़ होते हुए यात्रा का रूट निर्धारित किया है।
आदि कैलाश बनी पर्यटकों की पहली पसंद
गौरतलब है कि हर साल मई से नवंबर के बीच यात्रा करवाई जाती है। प्रधानमंत्री मोदी के अक्टूबर 2023 में आदि कैलाश के दौरे के बाद से यह क्षेत्र राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर आने के साथ ही पर्यटकों की पहली पसंद बन गया है। इस बार और अधिक यात्रियों के आदि कैलाश व ओम पर्वत के भ्रमण पर आने की उम्मीद की जा रही है।
केएमवीएन ने दल वार कार्यक्रम, व्यवस्था, सुविधाएं, आवेदन प्रपत्र एवं दरों का निर्धारण कर लिया है। जिसे निगम की वेबसाइट www.kmvn.in पर अपलोड भी किया गया है। निगम के जनसंपर्क कार्यालयों या केंद्रीय आरक्षण केंद्र नैनीताल के माध्यम से भी श्रद्धालु बुकिंग करा सकते हैं।
निगम के महाप्रबंधक एपी बाजपेयी ने बताया कि इस वर्ष 13 मई से नवंबर तक आयोजित होने वाली यात्रा के संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। श्रद्धालुओं की जानकारी के लिए दल वार कार्यक्रम, व्यवस्थाएं, सुविधाएं, आवेदन प्रपत्र व दरों का निर्धारण कर की वेबसाइट पर डाल दी गई है।
