संविधान दिवस पर एसएसजे परिसर में गोष्ठी

संविधान दिवस पर एसएसजे परिसर में गोष्ठी

केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने संविधान के अधिकारों और कर्तव्यों पर डाला प्रकाश

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर, अल्मोड़ा के गणित विभाग स्थित रामानुजन सभागार में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान के कारण ही देश के नागरिक स्वतंत्रता के साथ जीवन जी रहे हैं और उन्हें विभिन्न अधिकार प्राप्त हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अजय टम्टा, कार्यक्रम संरक्षक एवं कुलपति प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं परिसर निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट तथा मुख्य वक्ता विधि विशेषज्ञ प्रो. डीके भट्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर संगीत विभाग की ओर से स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, कुलगीत एवं राष्ट्रगीत प्रस्तुत किए गए। अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. देवेंद्र सिंह धामी ने गोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत की और अतिथियों का स्वागत किया। कुलपति प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाकर ही अखंड भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार और स्वतंत्रता प्रदान करता है। उन्होंने सोबन सिंह जीना परिसर और अल्मोड़ा के ऐतिहासिक एवं शैक्षिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि अम्बादत्त पंत, लक्ष्मी देवी टम्टा और हरिप्रसाद टम्टा जैसी विभूतियों के योगदान पर गहन अध्ययन किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने संसद भवन में संविधान, नारी शक्ति वंदन विधेयक और विधायी अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में लगभग 30 हजार युवा विद्यार्थी हैं, जिन्हें संविधान, अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक है।

मुख्य वक्ता प्रो. डीके भट्ट ने संविधान दिवस को आत्ममंथन का विषय बताते हुए भारतीय संविधान की तुलना महासागर से की। उन्होंने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित अन्य महान विभूतियों के योगदान को रेखांकित किया। साथ ही संविधान निर्माण के ऐतिहासिक पहलुओं, विश्व के संवैधानिक प्रभावों और भारतीय संविधान में प्राचीन ग्रंथों के नीति सिद्धांतों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिसर निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सबके लिए समान नियम और कानून ही संविधान का मूल आधार हैं। संविधान में अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी विशेष महत्व है। आज हर व्यक्ति अधिकारों की बात करता है, लेकिन कर्तव्यों के प्रति जागरूकता और कर्तव्यबोध भी उतना ही आवश्यक है।

इस अवसर पर सांस्कृतिक सचिव हिमाली जोशी ने संविधान दिवस और राष्ट्र निर्माण के विषय पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में प्रो. मधुलता नयाल, प्रो. शेखर चंद्र जोशी, प्रो. गिरीश चंद्र शाह, प्रो. ए.के. नवीन, प्रो. रिजवाना सिद्दीकी, डॉ. धनी आर्या, डॉ. एच.आर. कौशल, प्रो. संजीव आर्या, अल्मोड़ा के मेयर अजय वर्मा, राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, सिकंदर पवार, गोविंद पिलख्वाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *